जगजीतपुर में हाथियों से युवक की खतरनाक शरारत, स्कूटी दौड़ाकर जान जोखिम में डाली

हरिद्वार के जगजीतपुर क्षेत्र में देर रात एक हैरतअंगेज और बेहद खतरनाक मामला सामने आया है। जंगल से निकलकर दो जंगली हाथी आबादी क्षेत्र में घुस आए थे। हाथी सामान्य रूप से शांतिपूर्वक विचरण कर रहे थे, लेकिन इसी दौरान एक स्कूटी सवार युवक ने लापरवाही भरा कदम उठाते हुए हाथियों के पीछे अपना वाहन दौड़ा दिया।

यह हरकत युवक की जान पर भारी पड़ सकती थी। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद वन विभाग की टीम और स्थानीय लोगों ने शोर मचाया, जिससे हाथी आगे की ओर बढ़ गए और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, देर रात दो जंगली हाथी जंगल से निकलकर कॉलोनी क्षेत्र में आ गए थे। वन विभाग की टीम हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने में जुटी हुई थी। इसी दौरान स्कूटी सवार युवक वहां पहुंचा और जानबूझकर हाथियों के पीछे स्कूटी दौड़ाने लगा। वन विभाग की टीम और स्थानीय लोगों ने उसे बार-बार समझाने की कोशिश की, लेकिन युवक नहीं माना।

कुछ देर बाद युवक ने दोबारा हाथियों के पीछे स्कूटी दौड़ा दी। स्कूटी को पास आता देख एक टस्कर हाथी अचानक तेज दौड़ते हुए युवक की ओर मुड़ गया। स्थिति बेहद गंभीर हो गई, लेकिन पीछे से वन विभाग की टीम और स्थानीय लोगों द्वारा मचाए गए शोर के कारण हाथी आगे की ओर निकल गए और हमला टल गया।

स्थानीय लोगों के रोकने के बावजूद युवक नहीं रुका, बल्कि मौके पर बदसलूकी करने लगा। घटना के बाद वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। वन विभाग की टीम स्कूटी सवार युवक की तलाश में जुटी हुई है।