
UP: यूपी के कानपुर स्थित रसूलाबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरि निवादा के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बह रही रामगंगा नहर में जा गिरी। हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को कानपुर मेडिकल कॉलेज (हैलट) रेफर किया गया है।

मुंडन संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे
जानकारी के अनुसार बहराइच रोड, कोतवाली नगर, जनपद गोंडा निवासी राकेश श्रीवास्तव (54) अपने बेटे अभिषेक (26), भाई राधेश श्रीवास्तव (42) और चालक करिया उर्फ मुन्नू के साथ रसूलाबाद थाना क्षेत्र के अकोढ़िया गांव में रिश्तेदार दिलीप श्रीवास्तव के यहां उनके बेटे के मुंडन संस्कार में शामिल होने आए थे। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे सभी लोग कार से कानपुर लौट रहे थे।
हरि निवादा के पास हुआ हादसा
गांव से निकलकर जैसे ही कार हरि निवादा के पास पहुंची, चालक ने अचानक संतुलन खो दिया। कार बेकाबू होकर सड़क से फिसलते हुए रामगंगा नहर में जा गिरी। हादसे के समय पीछे से आ रहे खंड शिक्षा अधिकारी अजब सिंह ने दुर्घटना देखी और तत्काल रुककर स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकलवाया।
तीन को डॉक्टर ने किया मृत घोषित
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राकेश श्रीवास्तव, राधेश श्रीवास्तव और चालक मुन्नू को मृत घोषित कर दिया। वहीं अभिषेक की हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर हैलट अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।..

