नेपाल के बैतडी में बरात की बस खाई में गिरी, 13 की मौत, 34 घायल

भारतीय सीमा से सटे नेपाल के बैतडी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बैतडी से बजांग जा रही बरात की बस गुरुवार देर रात दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 13 बरातियों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैतडी के पुरचूंणी नगरपालिका–7 भवने गांव से दुल्हन लेकर बजांग जिले के सुनकुडा जा रही बस पुरचूंणी के बड़गांव मोड़ के पास अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही नेपाल एपीएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने रात्रि में ही रेस्क्यू अभियान चलाया।

जिला प्रहरी कार्यालय बैतडी के प्रवक्ता प्रहरी निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि दुर्घटना में छह बरातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच की डडेलधुरा अस्पताल और दो की कोटिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

13 वर्षीय मासूम सहित कई की गई जान

हादसे में जान गंवाने वालों में 13 वर्षीय मासूम भी शामिल है। मृतकों में बजांग और बैतडी जिले के विभिन्न गांवों के निवासी बताए गए हैं। मृतकों में केशव राज जोशी (40), अशोक राज जोशी (13), बसंत राज जोशी (35), विष्णु दत्त जोशी (41), नरेश राज जोशी (42), बिशन दत्त जोशी (17), दीपक जोशी (28), किशन जोशी (46), मोहन देव भट्ट (60), केशव भट्ट (27), बसंत राज रतला (40), पुष्पा अवस्थी (40) और सुशील जोशी शामिल हैं।

चढ़ाई में नहीं चढ़ पाई बस

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस में क्षमता से अधिक बराती सवार थे। चढ़ाई के दौरान बस आगे नहीं बढ़ पाई और पीछे की ओर फिसलते हुए खाई में गिर गई। घायलों में से 25 को डडेलधुरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पांच गंभीर घायलों को धनगढी रेफर किया गया है।