
लक्सर।
कंकरखाता गांव से पांच दिन पहले लापता हुए युवक का शव रविवार देर शाम पथरी थाना क्षेत्र के जंगल से बरामद हुआ। सूचना मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।

पुलिस के अनुसार, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के कंकरखाता गांव निवासी 20 वर्षीय सन्नी 27 जनवरी की शाम घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा संभावित स्थानों पर तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 30 जनवरी को परिजनों ने कोतवाली लक्सर में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।
गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान जानकारी मिली कि लापता होने वाले दिन सन्नी को कुछ युवकों के साथ पथरी क्षेत्र में जाते देखा गया था। इसी आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए कुछ संदिग्धों से पूछताछ की।
रविवार देर शाम पुलिस ने पथरी थाना क्षेत्र के जंगल से सन्नी का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पिता की हो चुकी है पूर्व में मौत
मृतक सन्नी के पिता मान सिंह की कई वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। परिवार में उसकी मां, पांच बहनें और दो भाई हैं। सन्नी मजदूरी कर परिवार का सहयोग करता था। बताया जा रहा है कि उसकी तीन-चार युवकों से गहरी दोस्ती थी और वह अक्सर उनके साथ घूमता था। जिस दिन वह लापता हुआ, उस दिन भी उसे उन्हीं युवकों के साथ देखा गया था।

