
भगवानपुर के ग्राम मोहितपुर में शिव मंदिर में हुई तोड़फोड़ की घटना के बाद सोमवार को गांव में धार्मिक वातावरण के बीच नंदी की मूर्ति को विधि-विधान से दोबारा स्थापित किया गया। हिंदू समुदाय के लोगों ने गांव की गलियों में शोभायात्रा निकाली। इसके बाद शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर मूर्तियों की स्थापना की गई। उल्लेखनीय है कि शनिवार सुबह गांव निवासी एक युवक ने शिव मंदिर में घुसकर नंदी की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया था। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए थे। सूचना पर सीओ सुरेंद्र प्रसाद बलूनी थाना भगवानपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। साथ ही क्षेत्रीय विधायक ममता राकेश ने भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद कर स्थिति को शांत कराया था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया था। सोमवार को प्रशासन की मौजूदगी में नई मूर्तियां मंगवाकर शिव मंदिर में विधि-विधान के साथ स्थापित की गईं। सीओ सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने बताया कि स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है।


