सुल्तानपुर आदमपुर में बिना कनेक्शन जल रहीं स्ट्रीट लाइटें, ऊर्जा निगम को राजस्व नुकसान..

सुल्तानपुर। नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर में नियमों को ताक पर रखकर सड़कों के किनारे लगी करीब 100 से अधिक स्ट्रीट लाइटें बिना विद्युत कनेक्शन के जलायी जा रही हैं। इससे ऊर्जा निगम को लगातार राजस्व नुकसान उठाना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि करीब डेढ़ माह पहले ऊर्जा निगम द्वारा इन लाइटों के तार काटे जाने के बावजूद अब भी बिजली चोरी कर स्ट्रीट लाइटें चालू रखी गई हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ऊर्जा निगम बकाया बिल और बिजली चोरी के मामलों में आम उपभोक्ताओं पर सख्ती से कार्रवाई करता है, लेकिन नगर पंचायत द्वारा खुलेआम बिना कनेक्शन बिजली उपयोग किए जाने पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। नगर पंचायत क्षेत्र में बिना वैध विद्युत कनेक्शन लगाए गए स्ट्रीट लाइटों को चोरी की बिजली से जलाया जा रहा है, जिससे नियमों की अनदेखी हो रही है।

इस संबंध में ऊर्जा निगम के सब स्टेशन भट्टीपुर के एसडीओ सचिन सचदेवा ने बताया कि नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर ने अभी तक स्ट्रीट लाइटों के लिए विधिवत विद्युत कनेक्शन नहीं लिया है। इसी कारण पहले भी कार्रवाई करते हुए चोरी से चल रही लाइटों के तार काटे गए थे। उन्होंने कहा कि यदि वर्तमान में भी बिजली चोरी की पुष्टि होती है तो जांच कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नगर पंचायत पर भी वही नियम लागू किए जाएं, जो आम उपभोक्ताओं पर होते हैं, ताकि बिजली चोरी पर प्रभावी रोक लग सके।