हरिद्वार: एक व्यक्ति की मौत, दूसरा लड़ रहा जिंदगी के लिए जंग, दो गुटों के बीच खूनी झड़प

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में देर रात दो गुटों में झड़प हो गई। मामला इतना बढ़ा कि दोनों तरफ से गोलियां चलने लगी। इस दौरान गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे आनन फानन में इलाज के लिए अस्पताल रेफर किया गया है। जहां, उनका इलाज जारी है।

रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ हादसा

यह पूरा मामला जिले के पथरी थाना क्षेत्र का है। जहां, रविवार रात बहादरपुर जट रेलवे क्रॉसिंग के पास जतिन चौधरी ज्वालापुर से गांव लौट रहा था। इसी दौरान रेलवे फाटक के पास पूर्व प्रधान विकास कुमार से उसका सामना हो गया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। जतिन और विकास कुमार के बीच कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए औ एक-दूसरे से गाली गलौज करने लगे।

कई राउंड चली गोलियां

पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों ने इस दौरान कई राउंड फायरिंग की। गोली आवाज से आस-पास के इलाके में सनसनी फैल गई। इस दौरान राजन और जतिन चौधरी को गोली लगी। राजन को आनन फानन में निजी अस्पताल में एडमिट किया। जहां, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं पेट में गोली लगने से जतिन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले भूमानंद अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। जतिन की हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पथरी थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। विवाद को देखते कोतवाली थाने की पुलिस को भी बुलाया गया। एसपी देहात शेखर सुयाल और सीओ लक्सर नताशा सिंह भी गांव पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली। बताया जा रहा है कि विकास और जतिन के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। कुछ महीने पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। फिलहाल, पूरे मामले की छानबीन चल रही है।

NEWS SOURCE Credit : lalluram