मदरहुड विश्वविद्यालय में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित, 55 यूनिट रक्त संग्रहित

रुड़की। मदरहुड विश्वविद्यालय के रिम्स स्प्लिट कैंपस में जनता चैरिटेबल ब्लड सेंटर, विश्वविद्यालय की एनएसएस एवं यूथ रेडक्रॉस इकाई के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) नरेंद्र शर्मा ने रुद्राक्ष वृक्ष का पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए कहा कि “रक्तदान महादान है, क्योंकि एक यूनिट रक्त से तीन अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।” उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना भी विश्वविद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है।

रक्तदान शिविर के दौरान कुल 83 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें चिकित्सकीय जांच के बाद 55 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

शिविर में स्वास्थ्य मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जनता चैरिटेबल ब्लड सेंटर की टीम के दीक्षित सैनी, अभिनव, राकेश, रॉबिन, अंकुर, दीपांशु एवं वंशिका ने सक्रिय भूमिका निभाई।

इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) मुकेश चंद्र शर्मा, डॉ. बिमला पांडेय, डॉ. अमित शर्मा, डॉ. ज्ञानेंद्र सहित समस्त शिक्षकगण, एनएसएस एवं यूथ रेडक्रॉस इकाई के स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं को उनकी निस्वार्थ सेवा और सामाजिक योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।