विनोद कुमार हत्याकांड: पति की मौत से टूटी पत्नी का फूटा दर्द, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

सहसपुर/देहरादून। भाजपा ओबीसी मोर्चा के मीडिया प्रभारी विनोद कुमार की हत्या के बाद बैरागीवाला गांव में तनाव और आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। पति की मौत से सदमे में डूबी विनोद कुमार की पत्नी का दर्द रविवार को गुस्से के रूप में सामने आया। रोती-बिलखती पत्नी आरोपी के घर के बाहर पहुंचीं और पत्थर फेंककर अपना आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

परिजनों और ग्रामीणों ने भी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा देने की मांग उठाई। पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

गांव में बना हुआ है तनाव का माहौल

सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में शनिवार देर रात भाजपा नेता विनोद कुमार की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के बाद स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। रविवार रात प्रशासन ने आरोपी पक्ष के मकान पर कार्रवाई करते हुए उसे ध्वस्त कर दिया, जबकि पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

घटना के बाद गांव में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति भी बनी रही। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

आरोपी के घर पर जुटी भीड़, आगजनी

हत्या के विरोध में बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या गांव में एकत्र हो गई। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के घर को जेसीबी से ध्वस्त करने की मांग की। इस दौरान उग्र भीड़ ने आरोपी पक्ष के घर में आग लगा दी। पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया, जबकि प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए रहे।

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शनिवार देर रात सहसपुर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पूर्व प्रधान इस्पाक के भतीजे और अन्य लोगों ने मिलकर विनोद कुमार, उनके भाई अशोक और राजेश पर हमला किया।

बताया जा रहा है कि विनोद कुमार और उनके परिवार ने पूर्व प्रधान इस्पाक के कार्यकाल से संबंधित कई जानकारियां सूचना का अधिकार (RTI) के तहत मांगी थीं। इसके अलावा ग्राम समाज की भूमि और अन्य मामलों को लेकर भी शिकायतें दर्ज करवाई थीं। इन्हीं मुद्दों को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद और रंजिश चली आ रही थी।

खेत में पानी लगाने को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार शनिवार को विनोद कुमार और उनके भाई सरकारी ट्यूबवेल से अपने खेत में पानी लगा रहे थे। पास में पूर्व प्रधान इस्पाक के भतीजे इम्तियाज का खेत भी स्थित है। पानी को लेकर आपत्ति जताने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर अमन, यूनुस, अनीस और रज्जाक सहित अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई, जो बाद में जानलेवा हमले में बदल गई। गंभीर रूप से घायल विनोद कुमार की मौत हो गई।

गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग तेज

हत्या के बाद परिजन, ग्रामीण और विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के कार्यकर्ता लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।