


जगदलपुर/देहरादून। छत्तीसगढ़ में मंगलवार को आयोजित होने वाली मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक में उत्तराखंड सरकार कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को छत्तीसगढ़ पहुंच गए।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में मुख्यमंत्री धामी राज्य की विकास योजनाओं के साथ-साथ सामरिक महत्व के विषयों को परिषद के समक्ष रखेंगे।

जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड सरकार राज्य की लंबित जलविद्युत परियोजनाओं को केंद्र से शीघ्र स्वीकृति दिलाने का आग्रह करेगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत नई सड़कों की मंजूरी, एकीकृत बाल विकास सेवा, कृषि, स्वास्थ्य, पर्यटन और आपदा प्रबंधन से जुड़े मानकों में विशेष छूट की मांग भी बैठक में उठाई जाएगी।
सरकार का मानना है कि पर्वतीय राज्य होने के कारण उत्तराखंड को विकास योजनाओं और आपदा प्रबंधन के मामलों में विशेष सहायता और लचीले मानकों की आवश्यकता है।
सोमवार को मुख्यमंत्री धामी के छत्तीसगढ़ पहुंचने पर जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान प्रमुख सचिव आरके सुधांशु भी उनके साथ मौजूद रहे।
