
उत्तराखंड। धनौरी स्थित तिरछे पुल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नागल पलूनी निवासी सावन पुत्र राजेश अपनी बाइक से हरिद्वार की ओर जा रहा था। जैसे ही वह धनौरी के तिरछे पुल के पास पहुंचा, किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
