कोटद्वार प्रकरण में मोहम्मद दीपक को जान से मारने की धमकी, दो लाख का इनाम घोषित

कोटद्वार।
कोटद्वार में दुकान का नाम बदलने को लेकर हुए विवाद के बीच चर्चाओं में आए मोहम्मद दीपक (दीपक कुमार) को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिली है। इतना ही नहीं, धमकी देने वाले ने दीपक की हत्या पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित करने की बात भी कही है। दीपक कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया आरोपी की पहचान राजा उत्कर्ष निवासी मोतिहारी, बिहार के रूप में हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुटी हुई है और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी निगरानी की जा रही है।

इस बीच जमीअत उलेमा-ए-हिंद उत्तराखंड ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र लिखकर कोटद्वार प्रकरण में दीपक कुमार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि 26 जनवरी को एक मुस्लिम दुकानदार पर हुए हमले के दौरान दीपक कुमार ने बीच-बचाव कर व्यापारी की जान बचाई थी। इसके बाद से ही उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।

जमीअत ने कहा कि जिस नागरिक ने हिंसा के खिलाफ खड़े होकर सामाजिक सौहार्द और इंसानियत का परिचय दिया, उसे निशाना बनाया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। संगठन ने चिंता जताई कि इस तरह की घटनाओं से देवभूमि उत्तराखंड की शांत और सौहार्दपूर्ण छवि धूमिल हो रही है। जमीअत के उपाध्यक्ष मुफ्ती रईस अहमद कासमी ने डीजीपी से मांग की कि कोटद्वार में तोड़फोड़ का प्रयास करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

दीपक कुमार के जिम में की गई तोड़फोड़
जमीअत के प्रदेश महासचिव मौलाना शराफत अली कासमी ने पत्र में बताया कि दीपक कुमार ने मानवीय और संवैधानिक दायित्व निभाते हुए हिंसा का विरोध किया, लेकिन इसके बाद से उन्हें लगातार धमकियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि 31 जनवरी को दून और हरिद्वार से बड़ी संख्या में लोग कोटद्वार पहुंचे और दीपक कुमार के जिम में तोड़फोड़ का प्रयास किया गया।