


रुड़की क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। एक मकान में टाइल्स का काम कर रहे मिस्त्री को बाहर बुलाकर उस पर जानलेवा हमला किया गया। बाइक सवार हमलावरों ने तमंचे से कई राउंड फायर किए, लेकिन गनीमत रही कि मिस्त्री को गोली नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित गुलशेर सुबह करीब 9 बजे बादशाह होटल के पास एक मकान में काम कर रहा था। इसी दौरान गांव बरला निवासी साकिब ने उसे आवाज देकर बाहर बुलाया। जैसे ही वह बाहर आया, साकिब और उसके साथी जस्सी उर्फ सावेज ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी।

फायरिंग की आवाज सुनते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जबकि कुछ लोग दुकानों में छिप गए। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर तमंचे लहराते हुए एक बाइक पर फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। इंस्पेक्टर प्रदीप बिष्ट के अनुसार, आसिफ, साकिब, जस्सी उर्फ सावेज और वसीम उर्फ टुन्नू के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच नगला इमरती में काम को लेकर विवाद चल रहा था।
घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
