रुड़की में गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

रुड़की में रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने बुधवार को दीपाली गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गैस सिलेंडरों के स्टॉक, वितरण व्यवस्था, बुकिंग प्रणाली और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की।

संयुक्त मजिस्ट्रेट ने एजेंसी संचालक को निर्देश दिए कि सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित दरों पर पारदर्शी और सुचारु तरीके से गैस उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन पर भी विशेष जोर दिया गया। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कहा कि प्रशासन आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर लगातार निगरानी बनाए हुए है और आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

गौरतलब है कि ईरान और अमेरिका के बीच बढ़े तनाव के चलते देशभर में गैस आपूर्ति को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है। हाल ही में रसोई गैस सिलेंडरों के दामों में बढ़ोतरी की गई है और बुकिंग प्रणाली में भी कुछ बदलाव किए गए हैं।

इसके अलावा होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को कॉमर्शियल सिलेंडरों की बिक्री पर भी रोक लगाई गई है। प्रशासन का प्रयास है कि घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की कमी न हो और किसी भी प्रकार की ब्लैक मार्केटिंग की स्थिति न बनने पाए।