50 सेक्टर अफसरों की तैनाती, वार्ड-4 राजपुरा में 22 दुकानदारों पर कार्रवाई; 6700 रुपये जुर्माना वसूला


देहरादून। हाईकोर्ट नैनीताल के आदेशों का कड़ाई से पालन कराने के लिए जिला प्रशासन ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ बड़े पैमाने पर सघन चेकिंग और जागरूकता अभियान शुरू किया है। डीएम के निर्देशन में नगर निगम के सभी 100 वार्डों की नियमित निगरानी के लिए 50 सेक्टर अफसरों की तैनाती की गई है।
अभियान के तहत नगर निगम और प्रशासनिक टीमों ने शहर के विभिन्न वार्डों में सघन चेकिंग की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया गया और जुर्माना वसूला गया।
वार्ड-4 राजपुरा में जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल और सेनेटरी इंस्पेक्टर राखी रावत की टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने 22 दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया और 6,700 रुपये का जुर्माना वसूला। अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक का भंडारण और बिक्री न करें। इसके बजाय पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों का इस्तेमाल करने को कहा गया।
सजा के साथ जागरूकता पर भी जोर
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान काटना या जुर्माना वसूलना नहीं है, बल्कि व्यापारियों और आम लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है। प्रशासन ने दूनवासियों से अपील की है कि शहर को स्वच्छ, हरा-भरा और प्लास्टिक-मुक्त बनाने में सहयोग करें।
