

रुड़की। रुड़की निवासी युवा पावरलिफ्टर विचित्र चौधरी ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विचित्र चौधरी ने नई दिल्ली में आयोजित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए और आगामी आईपीएल वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 लास वेगास यूएसए के लिए क्वालिफाई कर लिया।
यह प्रतियोगिता 12, 13 और 14 जून 2026 को भारत मंडपम, प्रगति मैदान, नई दिल्ली में आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर के सैकड़ों प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता इंटरनेशनल पावरलिफ्टिंग लीग के तत्वावधान में आयोजित हुई, जो विश्व स्तर पर पावरलिफ्टिंग की प्रमुख संस्थाओं में गिनी जाती है।
विचित्र चौधरी ने 56 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा लिया और अपने दमदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने ‘रॉ डेडलिफ्ट’ स्पर्धा में 115 किलोग्राम वजन उठाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा पदक अपने नाम किया। इसके अलावारॉ बेंच प्रेस
स्पर्धा में 64.5 किलोग्राम वजन उठाकर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उनके समग्र प्रदर्शन के आधार पर उन्हें आईपीएल वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 के लिए चयनित किया गया। विचित्र चौधरी की इस उपलब्धि से रुड़की सहित पूरे हरिद्वार जनपद में खुशी की लहर है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने लगातार मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी यह सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
अपनी उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए विचित्र चौधरी ने कहा कि उनका सपना अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना था और अब उन्हें विश्व चैंपियनशिप में देश के लिए खेलने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि वह आने वाले महीनों में और अधिक मेहनत कर विश्व चैंपियनशिप में भारत के लिए पदक जीतने का प्रयास करेंगे। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार, मित्रों, कोच और उन सभी शुभचिंतकों को दिया जिन्होंने उनके खेल जीवन में हर कदम पर सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि परिवार और समाज के समर्थन के बिना इस मुकाम तक पहुंचना संभव नहीं था। गौरतलब है कि आईपीएल वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 का आयोजन लास वेगास (अमेरिका) में होने जा रहा है, जहां दुनिया भर के शीर्ष पावरलिफ्टर भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता में चयन किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि माना जाता है। अब रुड़की के युवा खिलाड़ी विचित्र चौधरी विश्व मंच पर भारत और उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते नजर आएंगे। विचित्र चौधरी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्षेत्र के खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने उन्हें बधाई देते हुए विश्व चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दी हैं। सभी को उम्मीद है कि वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर देश, प्रदेश और अपने क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
