रूडकी : डेंगू से लंढौरा निवासी एक युवक की मौत हो गई है। युवक जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती था। बताया जा रहा है कि युवक डेंगू से पीड़ित था। उसकी प्लेटलेट्स काफी कम हो चुकी थी। डेंगू से युवक की मौत के बाद से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति है। विभाग की एक टीम शनिवार को युवक के घर जाएगी। जिले में अब तक 10 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। 12 मरीजों की रैपिड जांच डेंगू पॉजिटिव आई है। सोमवार को उनकी एलाइजा जांच कराई जाएगी।

लंढौरा के गाधारौणा निवासी सुधांशु को छह दिन पूर्व बुखार हो गया था। युवक का रुड़की में निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। हालत बिगड़ने पर चार दिन पहले युवक को जौलीग्रांट में भर्ती कराया गया था। बृहस्पतिवार रात को उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। मृतक के पिता ने बताया कि उसके बेटे की डेंगू जांच पॉजिटिव आई थी। बेटे की प्लेटलेट्स लगातार कम हो रही थी।
उसके प्लेटलेट्स काउंट दस हजार रह गए थे। युवक की डेंगू से मौत होने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं सीएमओ हरिद्वार डॉ. मनीष दत्त ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम युवक के घर जाएगी। वहां जांच करेगी। विभाग डेंगू को लेकर पूरी तरह से सतर्क है। बता दें कि 10 मरीजों में अब तक डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। वहीं डेंगू के 12 संभावित केस और आए हैं। सोमवार को सिविल अस्पताल रुड़की की लैब में इन मरीजों के खून की एलाइजा जांच कराई जाएगी।