ओवरटेक विवाद में चली गोली, मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत

देहरादून (रिपोर्ट):
देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जोहड़ी गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब सात बजे मालसी क्षेत्र के पास दो कार सवार युवकों के बीच ओवरटेक को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने दूसरी गाड़ी को रोकने के लिए टायर पर फायरिंग कर दी। इसी दौरान गोली वहां मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को लग गई।

घायल अवस्था में उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

दून के एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम से घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इलाके को सील कर दिया गया है और घटना में शामिल वाहन व आरोपियों की तलाश की जा रही है। कई थाना क्षेत्रों में नाकेबंदी कर व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा जताया है।

घटना पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गहरा शोक व्यक्त किया। वे मैक्स अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि मालसी-जोहड़ी जैसे क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।