

जौलीग्रांट हेलीपैड से बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के लिए आगामी 26 अप्रैल से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने की संभावना है। रुद्राक्ष एविएशन अपने एमआई-17 डबल इंजन हेलीकॉप्टर के जरिए इस सेवा को संचालित करने की तैयारी में है। सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही उड़ानें शुरू कर दी जाएंगी।

कंपनी पिछले तीन वर्षों से जौलीग्रांट हेलीपैड से दोनों धामों के लिए नियमित उड़ानें संचालित कर रही है। इस वर्ष भी 26 अप्रैल से 15 जून तक, यानी मानसून शुरू होने से पहले तक सेवा जारी रखने की योजना है। इसके बाद सितंबर माह में सेवा दोबारा शुरू की जाएगी।

हेलीकॉप्टर की पहली उड़ान सुबह साढ़े छह बजे प्रस्तावित है। श्रद्धालु एक ही दिन में बदरीनाथ और केदारनाथ दोनों धामों के दर्शन कर सकेंगे। इसके अलावा रात्रि विश्राम की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। मौसम अनुकूल रहने पर एक दिन में दो उड़ानें संचालित की जा सकती हैं।
इस बार हेली सेवा का किराया बढ़ा दिया गया है। प्रति व्यक्ति यात्रा के लिए करीब 1.35 लाख रुपये खर्च करने होंगे, जबकि रात्रि विश्राम सहित पैकेज की कीमत लगभग 1.5 लाख रुपये तक होगी। पिछले वर्ष यह किराया क्रमशः करीब 1.21 लाख और 1.41 लाख रुपये था।
गौरतलब है कि केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल और बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खुल रहे हैं। चारधाम यात्रा के मद्देनजर इस हेली सेवा को श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा माना जा रहा है।
