देहरादून और मसूरी में बम धमकियों से हड़कंप, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

देहरादून/मसूरी। देहरादून जिले के कई पुलिस थानों और मसूरी नगर पालिका परिषद को बम विस्फोट की धमकियां मिलने से पुलिस एवं प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया और ई-मेल के माध्यम से मिली इन धमकियों के बाद सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है तथा मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, देहरादून जिले के कई पुलिस थानों को एक इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई पोस्ट में कथित रूप से कई थानों को निशाना बनाने की बात कही गई है। इसके बाद मसूरी और देहरादून शहर कोतवाली सहित संबंधित पुलिस थानों ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस साइबर सेल की मदद से संबंधित इंस्टाग्राम आईडी की तकनीकी जांच की जा रही है और पोस्ट करने वाले व्यक्ति की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। सुरक्षा के दृष्टिगत संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है तथा पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

इसी बीच मसूरी नगर पालिका परिषद और प्रशासन को भी ई-मेल के माध्यम से बम विस्फोट की धमकी मिली है। प्राप्त ई-मेल में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी के कार्यालय सहित देहरादून और दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर विस्फोट करने की धमकी दी गई है।

धमकी भरे ई-मेल में मसूरी नगर पालिका कार्यालय में दोपहर 3:11 बजे विस्फोट करने का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा देहरादून और दिल्ली के विभिन्न सरकारी प्रतिष्ठानों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। ई-मेल में धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर हमले की धमकी का भी उल्लेख किया गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। साइबर विशेषज्ञों की मदद से ई-मेल और सोशल मीडिया पोस्ट की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमकियों की सत्यता की जांच की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रशासन ने आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है तथा किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।