
मंगलौर। उत्तराखंड पुलिस ने गौकशी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गौमांस और गौकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार जिला के निर्देश पर नारसन चौकी प्रभारी हेमदत्त भारद्वाज टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि पीरपुरा गांव के जंगल में गौकशी की जा रही है।
सूचना पर पुलिस टीमों का गठन कर सघन सर्च अभियान चलाया गया। घेराबंदी के दौरान पुलिस ने कुर्बान पुत्र हनीफ और आशु पुत्र हामिद निवासी मुकर्बपुर, थाना पिरान कलियर को मौके से गिरफ्तार कर लिया। जबकि कुछ अन्य आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से गौमांस, लकड़ी का गुटखा, लोहे की कुल्हाड़ी, छुरी, इलेक्ट्रॉनिक तराजू सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में नारसन चौकी प्रभारी हेमदत्त भारद्वाज, कांस्टेबल तेजपाल, होमगार्ड रमेश, होमगार्ड रामलाल और पीआरडी इसम सिंह शामिल रहे।
