


देवप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिवमूर्ति के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक तीर्थयात्री की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
देवप्रयाग कोतवाल प्रमोद बहुगुणा के अनुसार, पंजाब के लुधियाना से दो युवक बाइक पर सवार होकर हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए जा रहे थे। जब वे शिवमूर्ति क्षेत्र के पास पहुंचे, तभी ऋषिकेश से बदरीनाथ की ओर जा रही एक बस की चपेट में आ गए।

बताया गया कि बस की टक्कर लगने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इस दौरान एक युवक सड़क पर गिरकर सीधे बस के टायर के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दूसरा युवक बाइक से दूर जा गिरा, जिससे उसकी जान बच गई, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने मृतक की पहचान बलवीर सिंह (35 वर्ष), पुत्र तरलोक सिंह, निवासी सुनेत, लुधियाना (पंजाब) के रूप में की है। घायल युवक की पहचान कर्मजीत सिंह (33 वर्ष), पुत्र बलवीर सिंह, निवासी भिंड जारखंड, लुधियाना के रूप में हुई है।
पुलिस ने मृतक के शव और घायल युवक को उपचार एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर भेज दिया है। वहीं दुर्घटना में शामिल बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
चारधाम और हेमकुंड यात्रा के दौरान बढ़ते यातायात के बीच यह हादसा यात्रियों के लिए सावधानी बरतने की एक गंभीर चेतावनी भी माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।
