

रुड़की। रुड़की नगर निगम के नामित पार्षद घोषित किए जाने पर रामनगर स्थित शिव मूर्ति (शिव चौक) पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने गौरव मेहंदी रत्ता का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने सबसे पहले भगवान शिव के दरबार में माथा टेककर विश्व शांति, जनकल्याण और क्षेत्र की समृद्धि की कामना की।
गौरव मेहंदी रत्ता ने कहा कि उन्हें मिला यह दायित्व भारतीय जनता पार्टी और प्रदेश सरकार के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने भगवान, अपने माता-पिता, परिवार तथा सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा हमेशा अपने समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत और निष्ठा का सम्मान करती है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार नगर निगम क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार द्वारा नामित सभी आठ पार्षद निर्वाचित पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर नगर निगम बोर्ड को मजबूती देंगे और जनहित एवं विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारेंगे।
इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव कौशिक, डॉ. सतीश कौशिक, जिला अध्यक्ष विभोर सेठी, पार्षद पंकज, पूर्व पार्षद धर्मवीर पिंकी, रमेश भटेजा, दिलीप मेहंदी रत्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान रामनगर शिव चौक समिति के पदाधिकारियों ने भी गौरव मेहंदी रत्ता का फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया और उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
