हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर (Anupam Kher) के ऑफिस में दो दिन पहले चोरी हुई थी। चोरों ने मुंबई स्थित उनके ऑफिस से कई कीमती सामान चुरा लिया था। हालांकि, अब मुंबई पुलिस (Mumbai Police) ने चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। दो चोर की गिरफ्तारी के बाद अब अनुपम खेर ने रिएक्शन दिया है।
अनुपम खेर ने 20 जून को सोशल मीडिया पर जानकारी दी थी कि वीरा देसाई स्थित ऑफिस में चोरी की थी। चोरों ने ऑफिस का दरवाजा तोड़ा और अकाउंट्स डिपार्टमेंट्स से पूरा सेफ चुरा ले गये। यही नहीं, उनकी कंपनी द्वारा निर्मित एक बॉक्स में रखे एक फिल्म के नेगेटिव को भी चुरा ले गये। अब चोरों की गिरफ्तारी हो गई है तो अनुपम खेर ने मुंबई पुलिस को धन्यवाद किया है।
चोर की गिरफ्तारी पर बोले अनुपम खेर
अनुपम खेर ने 23 जून को इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने पुलिस के साथ दो चोरों की फोटो के साथ अपने ट्वीट के स्क्रीनशॉट को शेयर किया है। साथ ही एक नोट में मुंबई पुलिस को शुक्रिया कहा है। अभिनेता ने लिखा, “मेरे दफ्तर में लूटपाट करने वाले, मेरी तिजोरी चुराने वाले और ‘मैंने गांधी को नहीं मारा’ (फिल्म) की नेगेटिव चुराने वाले दोनों चोरों को पकड़ने के लिए मुंबई पुलिस का मैं दिल से आभार और प्रशंसा करता हूं।”
अनुपम खेर ने आगे लिखा, “यह सब 48 घंटों के अंदर किया जाना उनकी अद्भुत कार्यकुशलता को दर्शाता है। मुंबई पुलिस के अद्भुत लोगों को उनकी तत्परता के लिए धन्यवाद। जय हो।” उन्होंने कैप्शन में भी मुंबई पुलिस को धन्यवाद किया है।
अनुपम खेर की आगामी फिल्में
बात करें अनुपम खेर के आगामी प्रोजेक्ट्स की तो मेट्रो इन दिनों, इमरजेंसी और घोस्ट जैसी फिल्मों में दिखाई देंगे। आखिरी बार अभिनेता को फिल्म कागज 2 में देखा गया था। मेट्रो इन दिनों में वह सिद्धार्थ रॉय कपूर और सारा अली खान के साथ नजर आएंगे। वहीं, इमरजेंसी में कंगना रनौत (Kangana Ranaut) के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे।
NEWS SOURCE : jagran
