

देहरादून। देहरादून के मांडूवाला क्षेत्र में मिली महिला की लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या उसके पति ने ही की थी, जिसके बाद शव को कट्टे में डालकर जंगल में फेंक दिया गया था।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, लगभग चार वर्ष पूर्व महिला ने किसी अन्य व्यक्ति से शादी कर ली थी, जिसके बाद आरोपी ने भी दूसरी शादी कर ली। करीब एक वर्ष पहले महिला अपने दूसरे पति को छोड़कर फिर से आरोपी के संपर्क में आई थी।
बताया गया कि करीब एक महीने पहले महिला अपनी 11 महीने की बच्ची के साथ आरोपी के पास रहने आ गई थी। वह आरोपी पर उसकी दूसरी पत्नी को छोड़कर अपने साथ रहने का दबाव बना रही थी। इसी बात से परेशान होकर आरोपी ने महिला की हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
