पहली मानसूनी बारिश में जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त, लोगों ने उठाई बेहतर जल निकासी की मांग

रुड़की। मानसून की पहली बारिश ने शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन कई इलाकों में जलभराव ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। सलेमपुर राजपुतान स्थित लेबर चौक रोड पूरी तरह पानी में डूब गई, जबकि आसपास की कई सड़कें और गलियां भी जलमग्न हो गईं। कई स्थानों पर पानी भर जाने से लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया।

जलभराव की समस्या को लेकर पार्षद प्रतिनिधि मुकेश सैनी, पार्षद पंकज सतीजा, चारू चंद्र और सूरज नेगी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की। वहीं, एक दिन पूर्व सोनू कश्यप और अन्य स्थानीय लोगों ने भी मेयर एवं नगर आयुक्त से मुलाकात कर सड़क निर्माण और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई थी। कृष्णानगर समेत शहर के कई अन्य क्षेत्रों में भी भारी जलभराव देखने को मिला। पहली ही बारिश में बिगड़े हालात से लोगों में चिंता बढ़ गई है कि यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं सुधारी गई, तो आगामी बारिश के दौरान स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है।