कानपुर : दुष्कर्म कर बनाया वीडियो, आहत किशोरी ने दी जान, परिजनों में कोहराम

कानपुर: दुष्कर्म कर बनाया वीडियो, आहत किशोरी ने दी जान, परिजनों में कोहराम

कानपुर : एक किशोरी को प्रेमसंबंध के जाल में फंसाकर युवक दुष्कर्म करता रहा और वीडियो बना लिया। युवक के जीजा ने भी किशोरी को ब्लैकमेल करके दुष्कर्म किया जिससे आहत होकर किशोरी ने सुसाइड नोट में आरोपियों के नाम लिखकर जहर खाकर जान दे दी। पुलिस ने मामले की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

रावतपुर गांव निवासी पत्थर घिसाई कारीगर ने बताया कि उनकी बेटी (17) हाईस्कूल पास करने के बाद घर में ही मां का काम में हाथ बंटाती थी। पिछले वर्ष घाटमपुर कुरसेठा में एक रिश्तेदार की शादी में वे लोग गए थे, जहां एक युवक ने उसकी बेटी से दोस्ती कर ली। बाद में युवक ने प्रेमजाल में फंसाकर कई बार दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी के जीजा ने भी कई बार दुष्कर्म किया।

पिता के अनुसार बेटी ने बताया था कि आरोपियों ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया है और आरोपी उसे ब्लैकमेल करके अक्सर दुष्कर्म करते हैं। वह बहुत परेशान हो गई है। इसके बाद मंगलवार को जब पत्नी छोटी बेटी को लेने स्कूल गई थी और वह काम पर गए हुए थे। इसी दौरान उसने सुसाइड नोट लिखने के बाद जहर खा लिया। वे लोग जब घर लौटे तो नाजुक हालत में उसे हैलट लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मां बदहवास हो गई।   

घर बुलाकर मारा-पीटा, कान से आने लगा था खून

किशोरी ने सुसाइड नोट में लिखा है कि आरोपी जीजा और युवक ने घर बहाने से बुला लिया। यहां उसके घरवालों ने मारापीटा। इससे उसके कान से खून निकलने लगा था। युवक और उसके परिवार वाले दुष्कर्म का वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहे थे।

मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना

सुसाइड नोट में किशोरी ने लिखा है कि मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना। आप लोगों की कोई गलती नहीं। आप ने हमेशा मेरा साथ दिया। आप सबको भी बहुत दुख दिया है मैंने। सॉरी मेरी छोटी बहन माफ कर देना। मेरी मौत के जिम्मेदार युवक और उसके घर वाले हैं। युवक के झूठ और टॉर्चर की वजह से वह अपनी जान दे रही है।

दहशत में सहमी रही किशोरी

परिवार के लोगों ने बताया कि घटना के बाद उनकी बेटी लगातार घुट-घुटकर जी रही थी। काफी समय तक इस कांड को लोकलाज की वजह से घर वालों से छिपाए रखा, लेकिन जब जीजा साले ने ज्यादा परेशान करने के साथ शोषण की इंतहा पार की तो परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद किशोरी घर में डरी और सहमी रहती थी।

किशोरी ने आत्महत्या की है। सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। उसमें जो भी आरोप लगाए गए हैं, उसकी जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।