इस बार डेंगू का प्रकोप कम, अगले साल बढ़ सकता है खतरा

रुड़की/लंढौरा। जिले में इस साल डेंगू के मामलों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, स्वास्थ्य विशेषज्ञ इसे पूरी तरह राहत की स्थिति नहीं मान रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार डेंगू के मामलों में हर कुछ वर्षों में उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है। ऐसे में इस वर्ष मरीजों की कम संख्या के बाद अगले साल डेंगू का संक्रमण बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2023 में जिले में डेंगू के 500 से अधिक मामले सामने आए थे। इसके बाद वर्ष 2024 में मरीजों की संख्या घटकर 80 रह गई। वर्ष 2025 में एक बार फिर संक्रमण बढ़ा और 110 लोग डेंगू की चपेट में आए। वहीं, इस वर्ष अब तक जिले में डेंगू के केवल 32 मामले दर्ज किए गए हैं। पिछले वर्षों की तुलना में यह संख्या काफी कम है।

सिविल अस्पताल रुड़की के चिकित्सकों के अनुसार डेंगू वायरस के स्वरूप में समय-समय पर बदलाव होता रहता है। वायरस के अलग-अलग वेरिएंट और लोगों में विकसित होने वाली प्रतिरोधक क्षमता के कारण संक्रमण के मामलों में भी अंतर देखने को मिलता है। इस वर्ष डेंगू के कम मामले सामने आने के पीछे वायरस के मौजूदा स्वरूप और अन्य परिस्थितियों को भी एक वजह माना जा रहा है।

सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. अरविंद कुमार मिश्रा ने बताया कि डेंगू बुखार समय के साथ अलग-अलग स्वरूप में सामने आता है। इसके संक्रमण के मामलों में कभी तेजी आती है तो कभी गिरावट दर्ज की जाती है। इस वर्ष डेंगू के मामले काफी कम रहे हैं, लेकिन इसे भविष्य के लिए पूरी तरह सुरक्षित स्थिति नहीं माना जा सकता। अगले वर्ष संक्रमण बढ़ने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और मच्छरों के पनपने से रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने चाहिए।