योगनगरी ऋषिकेश में बढ़ता अपराध बना चिंता का विषय, छह माह में दर्ज हुईं करीब 230 एफआईआर

ऋषिकेश। योग, अध्यात्म और पर्यटन की वैश्विक पहचान रखने वाली ऋषिकेश में बढ़ते अपराध का ग्राफ चिंता का विषय बनता जा रहा है। जनवरी से अब तक क्षेत्र में करीब 230 प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की जा चुकी हैं। इनमें मारपीट, नशा तस्करी, चोरी, अवैध गतिविधियों तथा संगठित अपराध से जुड़े कई मामले शामिल हैं। हालात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अपराधी अब पुलिस पर भी जानलेवा हमला करने से पीछे नहीं हट रहे हैं।

योगनगरी में बढ़ते अपराध की तस्वीर पुलिस की लगातार कार्रवाई और विभिन्न मामलों के खुलासों से सामने आई है। 28 मार्च को आईडीपीएल क्षेत्र स्थित एक होटल में कथित कैसीनो संचालन के आरोप में पुलिस ने 40 लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें 10 महिलाएं भी शामिल थीं। इस कार्रवाई ने शहर में अवैध गतिविधियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए थे। इसके अलावा समय-समय पर नशा तस्करी और अन्य अवैध कारोबार से जुड़ी शिकायतें भी सामने आती रही हैं।

21 मई को काले की ढाल क्षेत्र में पर्यटकों और स्थानीय युवकों के बीच हुआ विवाद राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना। इस घटना में एक पर्यटक के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिससे कानून-व्यवस्था के साथ-साथ पर्यटन सुरक्षा पर भी सवाल उठे।

हाल ही में इंद्रमणि बडोनी चौक के समीप एक होटल में सात महिलाओं के मिलने के बाद कुछ संगठनों ने अनैतिक गतिविधियों की आशंका जताई थी। हालांकि पुलिस जांच में ऐसे किसी अवैध कार्य की पुष्टि नहीं हुई और आरोपों को खारिज कर दिया गया। इसके बावजूद इस प्रकरण ने होटल, गेस्ट हाउस और किराये के ठिकानों की निगरानी की आवश्यकता पर बहस तेज कर दी।

इससे पहले आईडीपीएल कैसीनो प्रकरण के दौरान पुलिस ने भी शहर में देह व्यापार की आशंकाओं से इनकार नहीं किया था। पुलिस ने कुछ होटलों और संदिग्ध व्यक्तियों को चिह्नित कर मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित करने की बात कही थी।

बीते दो महीनों में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई दो मुठभेड़ भी क्षेत्र में बढ़ते अपराध की गंभीरता को दर्शाती हैं। 8 अप्रैल को देहरादून रोड स्थित वन चौकी के पास हरियाणा के एक वांछित ट्रक चोर के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई थी। इसके बाद 8 जून को खांड गांव क्षेत्र में भट्टोवाला फायरिंग कांड के फरार आरोपियों से पुलिस का सामना हुआ। दोनों मामलों में शामिल आरोपी दूसरे राज्यों के शातिर अपराधी बताए गए।

पुलिस का कहना है कि ऋषिकेश में सामने आए सभी प्रमुख आपराधिक मामलों का खुलासा किया जा चुका है। अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई कर रही है।