गंगोत्री नेशनल पार्क के द्वार खुले, छह माह तक पर्यटकों के लिए रहेगा खुला

उत्तरकाशी। गंगोत्री नेशनल पार्क के गेट पर्यटकों, पर्वतारोहियों और ट्रेकर्स के लिए विधिवत खोल दिए गए हैं। अब आगामी छह माह तक प्रकृति प्रेमी इस क्षेत्र की खूबसूरती और रोमांच का आनंद ले सकेंगे।

पार्क उपनिदेशक हरीश नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि गौमुख-तपोवन ट्रैक के कनखु बैरियर, केदारताल ट्रैक तथा नेलांग घाटी के बैरियर को औपचारिक रूप से खोल दिया गया है। इसके साथ ही ट्रेकिंग और पर्वतारोहण गतिविधियां भी शुरू हो गई हैं।

गंगोत्री नेशनल पार्क हिमालयी क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण संरक्षित क्षेत्र है, जिसके अंतर्गत गंगोत्री ग्लेशियर सहित विश्व की कई ऊंची पर्वत चोटियां आती हैं। इसके अलावा भारत-चीन सीमा का बड़ा भू-भाग भी इस पार्क के अंतर्गत आता है।

पार्क के खुलने से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, साथ ही स्थानीय लोगों को भी रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।