भारी बारिश से देहरादून एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित, चार फ्लाइटें डायवर्ट

देहरादून। राजधानी देहरादून में मंगलवार को हुई भारी बारिश का असर जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण विभिन्न शहरों से आने वाली चार उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, देहरादून एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से लगातार बारिश हो रही थी, जो करीब 11 बजे के बाद और तेज हो गई। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते सुबह 11 बजे मुंबई से देहरादून आने वाली इंडिगो की उड़ान को दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया।

इसके बाद सुबह 11:25 बजे जयपुर से आने वाली इंडिगो की उड़ान को चंडीगढ़ भेजा गया। दोपहर 12 बजे कोलकाता से देहरादून पहुंचने वाली इंडिगो की उड़ान को जयपुर डायवर्ट किया गया। वहीं, दोपहर एक बजे दिल्ली से आने वाली एयर इंडिया की उड़ान को भी वापस दिल्ली भेजना पड़ा।

बताया गया कि चारों विमान देहरादून पहुंचने के लिए उड़ान भर चुके थे और एयरपोर्ट के ऊपर कुछ देर तक मौसम सामान्य होने का इंतजार करते हुए चक्कर लगाते रहे। हालांकि मौसम में सुधार न होने पर उन्हें वैकल्पिक हवाई अड्डों के लिए डायवर्ट कर दिया गया।

वहीं, सुबह के समय दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद से आने वाली उड़ानें निर्धारित समय पर देहरादून एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरने में सफल रहीं।