

देहरादून। मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को व्यय वित्त समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहरी विकास, पेयजल और लोक निर्माण विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को संस्तुति प्रदान की गई।

बैठक में शहरी विकास विभाग के अंतर्गत नीलकंठ महादेव और रामनगर में मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण कार्य को मंजूरी दी गई। नीलकंठ महादेव में पार्किंग निर्माण की कुल लागत 5183.65 लाख रुपये तथा रामनगर में 3857.64 लाख रुपये निर्धारित की गई है।
मुख्य सचिव ने पार्किंग निर्माण के दौरान निर्धारित गाइडलाइंस का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रवेश और निकासी के लिए टर्निंग रेडियस सहित अन्य तकनीकी पहलुओं का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने नीलकंठ महादेव में पार्किंग स्थल के लिए जियोटेक्निकल सर्वे अनिवार्य रूप से कराने और भवन के फसाड लाइटिंग से सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया।
बैठक में पेयजल विभाग के अंतर्गत चार महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई। इनमें पीपलकोटी, तिलवाड़ा और ऊखीमठ नगर पंचायतों की पेयजल योजनाएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त लालकुआं नगर पंचायत की सीवरलाइन परियोजना को भी संस्तुति प्रदान की गई।
बैठक में लिए गए निर्णयों से शहरी सुविधाओं में सुधार के साथ-साथ पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
