केदारनाथ यात्रा मार्ग पर युवक को लेकर विवाद, प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की

रुद्रप्रयाग।
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर एक युवक को लेकर उस समय विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब कुछ यात्रियों ने उसे रोककर आपत्ति जताई। बताया जा रहा है कि युवक जम्मू-कश्मीर का रहने वाला है और काम के सिलसिले में यात्रा मार्ग पर मौजूद था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ यात्रियों ने युवक को घेरकर उससे वहां होने का कारण पूछा और यह कहते हुए आपत्ति जताई कि चारधाम यात्रा में मुस्लिम समुदाय के लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध है। इस दौरान कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

युवक ने स्पष्ट किया कि उसे कार्य के लिए यहां बुलाया गया है और वह रोजगार के उद्देश्य से आया है।

गौरतलब है कि इस वर्ष बदरी-केदार मंदिर समिति द्वारा चारधाम के मंदिर परिसरों में गैर-सनातनियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। हालांकि, यात्रा मार्ग पर इस प्रकार का कोई प्रतिबंध लागू नहीं है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रशासन की ओर से अब तक इस मामले में किसी आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन स्थानीय स्तर पर स्थिति सामान्य बताई जा रही है।