

Roorkee: भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के कार्यकर्ताओं ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कार्यालय का घेराव करते हुए विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

यूनियन पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि इन दिनों किसानों के बिजली बिलों में भारी गड़बड़ियां सामने आ रही हैं, जिससे किसान काफी परेशान हैं। उन्होंने मांग की कि विभाग विशेष कैंप लगाकर बिजली बिलों को शीघ्र दुरुस्त करे। इसके साथ ही ट्यूबवेल के लिए पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और किसानों को सिंचाई के लिए कम से कम 16 घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।

कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि छोटे बकाया के नाम पर किसानों का उत्पीड़न बंद किया जाए और उनके बिजली कनेक्शन न काटे जाएं। युवा प्रदेश अध्यक्ष सुमित उपाध्याय ने बताया कि 24 मार्च को उनकी अनुपस्थिति में विभाग के कर्मचारी उनका मीटर उतारकर ले गए, जबकि नया लगाया गया स्मार्ट मीटर पुराना और खराब है, जिसे किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस मौके पर राष्ट्रीय सचिव तालिब हसन, गढ़वाल मंडल अध्यक्ष तस्लीम राव, जिला अध्यक्ष (कार्यकारिणी) समीर चौधरी, किसान मजदूर मोर्चा जिला अध्यक्ष यूनूस प्रधान, जिला प्रभारी मुसीर, अभिषेक मुसीर, वीरेंद्र पाल, अंशुल, उपाध्यक्ष अमित चौधरी, शौभित निरंकार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

