दिल्ली–(भूमिका मेहरा) डाबरी के महावीर एंक्लेव इलाके में एक शख्स की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उसका शव घर के अंदर मिला है। मृतक का तीन दिन पहले एक पड़ोसी के साथ झगड़ा हुआ था। इस दौरान आरोपियों ने उसकी पिटाई कर दी थी। परिवार वालों ने पड़ोसी पर पीट पीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा। मृतक की शिनाख्त 50 साल के राजेश कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक राजेश अपने परिवार के साथ महावीर एंक्लेव इलाके में रहते थे। परिवार में पत्नी और 17 वर्षीय बेटा रोहित है। रोहित 12 वीं में पढ़ाई कर रहा है। राजेश की पत्नी एक निजी स्कूल में शिक्षका हैं। जबकि राजेश बेरोजगार थे। पड़ोसियों ने बताया कि तीन दिन पहले राजेश का सामने वाले घर में रह रहे लोगों से झगड़ा चल रहा था। आरोपियों ने राजेश की पिटाई कर दी थी। मामले की शिकायत पुलिस से की थी। डाबरी थाना पुलिस ने दोनों पक्षों का बयान लिया था। इस दौरान आरोपियों ने रोहित को मारने की धमकी दी थी। उसके बाद वह द्वारका में रहने वाले अपने चचेरे भाई के पास चला गया था। रविवार को राजेश की पत्नी घर से बाहर गई थी। रविवार को घर पहुंचने पर रोहित ने राजेश को मृत अवस्था में सोफे पर पाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
