चमोली : उत्तराखंड का औली शहर स्कीइंग के दीवानों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं। सर्दी के मौसम में यहां बड़ी तादाद में पर्यटक पहुंचते हैं। बर्फबारी के बाद यहां हर तरफ खूबसूरत नजारे दिख रहे हैं। मौसम के करवट बदलते ही औली में बर्फबारी तेज हो गई है। हर तरफ बर्फ की सफेद चादर नजर आ रही है।


यहां तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बर्फ के गिरते फाहे ठंडक बढ़ा रहे हैं। आलम ये हो गया है कि अब झरने और नालों में पानी जमने लगा है। औली से आई ताजा बर्फबारी की तस्वीरों में आप देख सकते हैं कि किस तरह यहां पहाड़ों में ही नहीं मैदानों में भी बर्फ की चादर बिछ गई है। सड़कों पर भी वाहन नहीं सिर्फ बर्फ ही बर्फ नजर आ रही है। बर्फबारी देख पर्यटक खुश हैं, हालांकि सड़क पर बर्फ जमने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

प्रशासन ने इसे लेकर अलर्ट जारी किया है। औली देश का एकमात्र स्की रिजॉर्ट है, जिसकी बफीर्ली ढलानों को फिश से मान्यता मिली है। 1.35 किमी लंबी व 44 मीटर चौड़ी दक्षिण मुखी स्की ढलानें स्कीर्यसों की पहली पंसद रहती हैं।
बर्फबारी के सीजन में औली पर्यटकों की पहली पसंदीदा जगह है। यहां क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेशन की धूम रहती है। दोनों ही मौके करीब हैं, इसलिए रिजॉर्ट्स ने भी पर्यटकों के स्वागत की तैयारी कर ली है।

ताजा बर्फबारी ने इस शहर की खूबसूरती को बढ़ा दिया है। पर्यटक यहां दूर-दूर से पहुंचने लगे हैं। अगर आप भी नए साल का स्वागत शानदार अंदाज में करना चाहते हैं तो औली चले आएं।
यहां की खूबसूरती आपको मंत्रमुग्ध कर देगी। यहां आप एडवेंचर एक्टिविटी का भी आनंद उठा सकते हैं। औली के अलावा प्रदेश के दूसरे पहाड़ी इलाकों में भी बर्फबारी हो रही है। हिमपात के चलते प्रदेश का तापमान लगातार लुढ़क रहा है।