गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग, किसान मोर्चा की महापंचायत में आंदोलन की चेतावनी

रुड़की/नारसन। ग्राम मोहम्मदपुर जट में शुक्रवार को उत्तराखंड किसान मोर्चा के बैनर तले किसान महापंचायत आयोजित की गई। इसमें किसानों की विभिन्न समस्याओं, संगठन को मजबूत बनाने और आगामी चुनाव की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। महापंचायत की अध्यक्षता चौधरी धर्मवीर सिंह प्रधान ने की, जबकि संचालन दीपक पुंडीर ने किया।

महापंचायत को संबोधित करते हुए किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी गुलशन रोड़ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की तर्ज पर उत्तराखंड में भी किसानों के नलकूपों की बिजली मुफ्त की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि खेती में इस्तेमाल होने वाली खाद, दवाइयां, कृषि उपकरण और अन्य जरूरी सामान लगातार महंगे हो रहे हैं, जबकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने सरकार से गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग की। साथ ही इकबालपुर चीनी मिल पर किसानों के बकाया गन्ना भुगतान का मुद्दा उठाते हुए जल्द से जल्द भुगतान कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि त्योहारों और शादी-विवाह का सीजन शुरू हो चुका है, लेकिन गन्ने का भुगतान नहीं मिलने से किसानों को आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

चौधरी गुलशन रोड़ ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए। यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो किसान सरकार के खिलाफ व्यापक आंदोलन शुरू करेंगे और आर-पार की लड़ाई लड़ने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

महापंचायत में किसानों ने भी अपनी समस्याएं रखते हुए एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने और मांगों को लेकर संघर्ष करने पर जोर दिया। वहीं, महापंचायत के मद्देनजर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन सतर्क रहा। मंगलौर सहित आसपास के थानों की पुलिस ने नारसन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था संभाले रखी।