नई कार खरीदने के एक सप्ताह बाद आई खराबी, भाकियू टिकैत ने शोरूम के बाहर दिया धरना

मरम्मत नहीं होने से नाराज किसान, समस्या का समाधान होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी

मंगलौर। पुरकाजी थाना क्षेत्र के बढ़ीवाला गांव निवासी सरदार रणजीत सिंह की नई कार खरीदने के करीब एक सप्ताह बाद ही खराब हो गई। बार-बार शिकायत के बावजूद कार की मरम्मत नहीं होने से नाराज भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रविवार को मंगलौर-रुड़की मार्ग स्थित कार शोरूम के बाहर धरना शुरू कर दिया।

सरदार रणजीत सिंह के अनुसार, उन्होंने 25 मई 2026 को मंगलौर-रुड़की मार्ग स्थित शोरूम से नई कार खरीदी थी। खरीदारी के करीब एक सप्ताह बाद ही वाहन में तकनीकी खराबी आ गई। उन्होंने शोरूम प्रबंधन से शिकायत कर कार को ठीक कराने की मांग की, लेकिन आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने समस्या के समाधान में टालमटोल की।

कार की मरम्मत नहीं होने से परेशान रणजीत सिंह ने भाकियू (टिकैत) के पदाधिकारियों से संपर्क किया। इसके बाद रविवार को संगठन के कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में शोरूम पहुंचे और मुख्य द्वार पर धरना शुरू कर दिया।

धरने पर बैठे किसानों ने कहा कि नई कार खरीदने के कुछ ही दिनों बाद उसमें खराबी आना गंभीर मामला है। उन्होंने मांग की कि वाहन की तकनीकी खराबी को पूरी तरह दूर कर कार सही स्थिति में सौंपी जाए। भाकियू कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान होने तक धरना जारी रहेगा।

इस दौरान शोरूम प्रबंधन और पुलिस प्रशासन की ओर से स्थिति संभालने के प्रयास किए जाते रहे, लेकिन देर शाम तक धरना समाप्त नहीं हुआ था।