अग्निवीर भर्ती का अगला चरण पांच अक्तूबर से रुड़की में

रुड़की। अग्निवीर भर्ती परीक्षा-2027 का अगला चरण पांच अक्तूबर से 23 अक्तूबर के बीच रुड़की में आयोजित किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया के इस चरण में कॉमन कंप्यूटर बेस्ड एग्जाम (सीसीई)-2027 में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता और दौड़ परीक्षा कराई जाएगी।

भारतीय सेना के अनुसार, भर्ती के इस चरण में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के करीब तीन हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस दौरान अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी और अग्निवीर ट्रेड्समैन के पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अलावा दोनों राज्यों के अग्निवीर क्लर्क और स्टोर कीपर टेक्निकल पदों के अभ्यर्थी भी भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे।

सेना ने अभ्यर्थियों से भर्ती स्थल पर पहुंचते समय ऑनलाइन सत्यापन के लिए आवश्यक सभी संबंधित दस्तावेज साथ लाने को कहा है। दस्तावेजों के भौतिक सत्यापन के बाद ही भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में अभ्यर्थियों को शामिल किया जाएगा। सेना ने अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि और समय पर पहुंचने तथा भर्ती से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।