तेज बहाव में डूब रहे 10 वर्षीय जायरीन को आपदा राहत दल ने बचाया

पिरान कलियर। कलियर उर्स/मेले के दौरान गंगनहर में नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आए 10 वर्षीय जायरीन को घाट पर तैनात 40वीं पीएसी आपदा राहत दल के जवानों ने समय रहते सकुशल बाहर निकाल लिया। बालक के सुरक्षित बचने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार डासना, गाजियाबाद निवासी अजमेर अली उर्स/मेले में शामिल होने के लिए कलियर आया हुआ था। बृहस्पतिवार सुबह वह गंगनहर घाट पर नहाने गया था। इसी दौरान अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगा। बालक को डूबता देख घाट पर तैनात आपदा राहत दल के जवान तुरंत हरकत में आए और तेज बहाव के बीच उतरकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

राहत दल की तत्परता से समय रहते बालक की जान बच गई। सकुशल बाहर आने पर परिजनों ने जवानों का आभार जताया। घटना के बाद पुलिस और आपदा राहत दल ने घाटों पर निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस ने जायरीनों से गंगनहर के तेज बहाव वाले स्थानों पर न जाने और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

राहत दल की टीम में एसआई इखलाक मलिक, कांस्टेबल मोहित और सुमित नौटियाल शामिल रहे।