भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड के चार नेताओं को मिली जिम्मेदारी

तीरथ सिंह रावत बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, अनिल बलूनी मीडिया संयोजक पद पर बरकरार

देहरादून। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में उत्तराखंड के चार वरिष्ठ नेताओं को अहम जिम्मेदारी मिली है। भाजपा केंद्रीय नेतृत्व की ओर से सोमवार को राष्ट्रीय पदाधिकारियों की घोषणा की गई, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व सांसद तीरथ सिंह रावत की राष्ट्रीय संगठन में वापसी हुई है।

तीरथ सिंह रावत को भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। तीरथ ने वर्ष 2021 में करीब पांच माह तक उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाया गया। वह गढ़वाल लोकसभा सीट से सांसद भी रहे, लेकिन वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें टिकट नहीं मिला था। अब केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी को उनकी मौजूदा जिम्मेदारी पर बरकरार रखा गया है। वह पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक के रूप में काम करते रहेंगे। वहीं, महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री के पद पर बरकरार रखा गया है।

इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश में लंबे समय तक महामंत्री संगठन के पद पर सेवाएं दे चुके आलोक भट्ट को भाजपा का सोशल मीडिया सह संयोजक बनाया गया है।

नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड के चार नेताओं को स्थान मिलने पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई है। पार्टी नेताओं का कहना है कि राष्ट्रीय संगठन में उत्तराखंड के नेताओं को मिली जिम्मेदारियां राज्य के लिए भी महत्वपूर्ण हैं।

“नई राष्ट्रीय टीम में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में उत्तराखंड के चार वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई। निश्चित तौर पर सभी अपने अनुभव, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा से भाजपा को और अधिक सशक्त बनाने के साथ ही राष्ट्रसेवा के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”