दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर बाइक की टक्कर से विवाहिता की मौत

खेत से काम कर घर लौटते समय हुआ हादसा, ऋषिकेश के हायर सेंटर में तोड़ा दम

रुड़की। खेत से काम कर घर लौट रही 38 वर्षीय विवाहिता को दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे ऋषिकेश स्थित हायर सेंटर रेफर किया गया। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव खटका निवासी बिजेंद्र ने रुड़की कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनके भतीजे विनोद कुमार सैनी की पत्नी मनीषा मंगलवार को साथी सरोज और सोनम के साथ खेत में काम करने गई थी। करीब साढ़े चार बजे तीनों महिलाएं काम खत्म कर घर लौट रही थीं। राधाकृष्ण मंदिर के पास हाईवे पार करते समय दिल्ली की ओर से आ रही बाइक ने मनीषा को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

शोर सुनकर मौके पर मौजूद लोगों ने बाइक सवारों को पकड़ लिया और घायल मनीषा को अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे ऋषिकेश स्थित हायर सेंटर रेफर किया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने बाइक चालक आमिर खान निवासी देवली सी-1-39, थाना टिगड़ी, संगम विहार, दक्षिण दिल्ली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। बाइक पर सुमित सिंह भी पीछे बैठा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।