

हरिद्वार। 30 जुलाई से शुरू हुआ कांवड़ मेला मंगलवार को संपन्न हो गया। इस बार मेले में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरे मेला क्षेत्र में हर ओर शिवभक्तों की भीड़ नजर आई। पुलिस-प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक, इस बार 4 करोड़ 80 लाख 40 हजार कांवड़िये गंगा से जल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
अंतिम दिन 36.62 लाख कांवड़िये रवाना
मेले के अंतिम दिन मंगलवार को ही 36 लाख 62 हजार कांवड़ियों ने हरिद्वार से गंगाजल उठाया और अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। इससे पहले सोमवार शाम छह बजे तक 4 करोड़ 43 लाख 78 हजार शिवभक्त जल लेकर प्रस्थान कर चुके थे।
भगवा रंग में रंगी धर्मनगरी
कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार, कनखल, ज्वालापुर, सप्तऋषि, हरकी पैड़ी और आसपास के क्षेत्रों में लगातार शिवभक्तों का दबाव बना रहा। पूरी धर्मनगरी भगवा रंग में रंगी नजर आई। सड़कों से लेकर घाटों तक ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंजते रहे।
पैदल से लेकर डाक कांवड़ तक का दिखा उत्साह
बड़ी संख्या में कांवड़िये पैदल हरिद्वार पहुंचे। वहीं, डाक कांवड़ और विभिन्न वाहनों के जरिए भी शिवभक्तों का हरिद्वार पहुंचना जारी रहा। पूरे मेला क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा।
