

देहरादून। उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाताओं के दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तारीख 13 अगस्त है। इसके बाद कोई दावा या आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। हालांकि, प्राप्त दावे और आपत्तियों पर सुनवाई की प्रक्रिया 13 सितंबर तक जारी रहेगी।
फॉर्म-6 से नए मतदाता, फॉर्म-7 से कटेगा नाम
एसआईआर के दौरान मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और मतदाता सूची में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरने की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा आपत्तियों के लिए फॉर्म-9, 10 और 11 का इस्तेमाल किया जा रहा है। प्रदेशभर में अब तक मतदाताओं से करीब 70 हजार आपत्तियां प्राप्त हो चुकी हैं। वहीं, नए मतदाता बनने के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन आए हैं।
13 अगस्त तक आवेदन करने वालों का एसआईआर में बनेगा वोट
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, 13 अगस्त तक नए मतदाता बनने के लिए आवेदन करने वालों के वोट एसआईआर प्रक्रिया के दौरान ही बनाए जाएंगे। इसके बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर एसआईआर पूरा होने के बाद विचार किया जाएगा।
मैदानी जिलों में सबसे ज्यादा आपत्तियां
पहाड़ी जिलों की तुलना में प्रदेश के मैदानी जिलों में आपत्तियों की संख्या अधिक है। खासतौर पर ऊधमसिंह नगर की जसपुर और काशीपुर समेत कई विधानसभा क्षेत्रों में बड़ी संख्या में आपत्तियां प्राप्त हो रही हैं।
आपत्ति पर जारी होगा नोटिस
प्राप्त सभी आपत्तियों के आधार पर संबंधित मतदाताओं को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। इसके बाद ईआरओ (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) मामले में निर्णय लेंगे। वहीं, किसी एक व्यक्ति के नाम पर पांच से अधिक आपत्तियां प्राप्त होने पर उसकी विशेष जांच कराई जाएगी।
