भारी बारिश में लक्सर-रुड़की हाईवे धंसा, वनवे किया यातायात

रुड़की। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बृहस्पतिवार सुबह लक्सर-रुड़की हाईवे पर बहादरपुर रेलवे फाटक के पास सड़क का एक हिस्सा धंस गया। सड़क धंसने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर हाईवे पर यातायात को वनवे कर दिया गया। वहीं, हरिद्वार और लक्सर की ओर से रुड़की जाने वाले वाहनों का मार्ग परिवर्तित कर कुआंखेड़ा के रास्ते भेजा गया।

कांवड़ यात्रा के चलते इन दिनों सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर और यमुनानगर की ओर से आने वाले कांवड़ वाहनों को नगला इमरती बाईपास से लक्सर होते हुए हरिद्वार भेजा जा रहा है। इसके अलावा हाईवे पर सामान्य वाहनों की आवाजाही भी काफी अधिक रहती है। ऐसे में सड़क धंसने के बाद प्रशासन ने तत्काल यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया।

बताया गया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे बहादरपुर रेलवे फाटक के समीप सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया। सूचना मिलने पर एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला और सीओ देवेंद्र सिंह नेगी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों को तैनात कर वनवे यातायात लागू कराया गया। रुड़की की ओर से आने वाले सामान्य एवं कांवड़ वाहनों को नियंत्रित गति से निकाला गया।

वहीं, हरिद्वार और लक्सर की ओर जाने वाले वाहनों को रुड़की तिराहे से कुआंखेड़ा होते हुए रुड़की की ओर भेजा गया। एसएसपी नवनीत भुल्लर ने मौके पर पुलिसकर्मियों की तैनाती और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

प्रशासन के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और धंसी सड़क की तत्काल मरम्मत शुरू कराई। दोपहर तक सड़क को दुरुस्त कर लिया गया, जिसके बाद हाईवे पर वाहनों का आवागमन सामान्य करा दिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, सड़क धंसने के बाद एहतियातन कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की गई थी। मरम्मत पूरी होने के बाद अब मार्ग पर यातायात सुचारू है। बहादरपुर रेलवे क्रॉसिंग पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती पहले से की गई है।