

ऋषिकेश। खाद्य पदार्थों में मिलावट और अवैध खाद्य निर्माण इकाइयों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्यामपुर थाना पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने कांगड़ी स्थित एक पनीर एवं दुग्ध उत्पाद निर्माण इकाई (गुर्जर डेयरी) पर छापेमार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान करीब 50 किलोग्राम संदिग्ध पनीर और मिल्क पाउडर के 50 खाली पैकेट बरामद किए गए।
श्यामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक नितेश शर्मा को मिली सूचना के आधार पर टीम ने डेयरी में छापा मारा। निरीक्षण के दौरान एक एल्यूमिनियम कंटेनर में बिक्री के लिए रखा लगभग 50 किलोग्राम पनीर मिला। पूछताछ में डेयरी संचालक के भाई सराफत अली ने बताया कि पनीर के निर्माण में दूध पाउडर और फॉस्फेट का इस्तेमाल किया गया था।
मौके से मिल्क पाउडर के करीब 50 खाली पैकेट भी बरामद हुए, जिन्हें टीम ने जब्त कर लिया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने पनीर के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
