मंदाकिनी में फंसी तीन महिलाओं का सुरक्षित रेस्क्यू, कई जिलों में फ्लैश फ्लड का अलर्ट

रुद्रप्रयाग/देहरादून। रुद्रप्रयाग के तिलवाड़ा क्षेत्र में मंगलवार को लकड़ियां बीनने गई तीन महिलाएं मंदाकिनी नदी की बीच धारा में अचानक जलस्तर बढ़ने से फंस गईं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

इधर, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने प्रदेश के कई जिलों के लिए मंगलवार और बुधवार को भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के फ्लैश फ्लड बुलेटिन के अनुसार अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चम्पावत, देहरादून, पौड़ी, टिहरी, नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के दौरान मध्यम स्तर की अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का खतरा बना हुआ है।

लगातार हो रही वर्षा के कारण छोटे नदी-नालों के उफान पर आने, निचले इलाकों में जलभराव और संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका भी जताई गई है। आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि ऑरेंज अलर्ट के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश, भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़कों के अवरुद्ध होने, नदी-नालों के उफान तथा आकाशीय बिजली जैसी घटनाएं हो सकती हैं।

उन्होंने प्रदेशवासियों और चारधाम यात्रियों से अपील की कि मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और यात्रा से पहले मौसम व सड़क की अद्यतन जानकारी अवश्य प्राप्त करें।