मानसून में नदी किनारे पिकनिक पर सख्ती, देहरादून पुलिस ने बढ़ाई निगरानी

देहरादून। मानसून के दौरान नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ने से होने वाले हादसों को रोकने के लिए देहरादून पुलिस ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को नदी किनारे स्थित पिकनिक स्पॉटों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अब संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त करेगी और लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को नदी किनारे न जाने तथा पानी में प्रवेश न करने की चेतावनी देगी। निर्देशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शहर के मालदेवता, गुच्चूपानी, सहस्रधारा, नयागांव और संतला देवी क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग पिकनिक मनाने पहुंचते हैं। हालांकि, पहाड़ों में बारिश होने पर नदियों का जलस्तर कुछ ही मिनटों में खतरनाक स्तर तक पहुंच जाता है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है।

हाल ही में संतला देवी क्षेत्र में टौंस नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से सात लोग नदी के बीच बने टापू पर फंस गए थे। सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। इस घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने का फैसला लिया है।

पिछले वर्ष 16 सितंबर को नयागांव क्षेत्र में आई आपदा के दौरान नदी में उतरे कई लोगों की मौत हो गई थी। वहीं मालदेवता क्षेत्र में भी लगभग हर मानसून में पर्यटक और स्थानीय लोग अचानक बढ़े जलस्तर के कारण फंस जाते हैं, जिन्हें पुलिस और एसडीआरएफ की मदद से सुरक्षित निकाला जाता है।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने लोगों से अपील की है कि मानसून के दौरान नदी किनारे जाने और बीच में बने टापुओं पर पिकनिक मनाने से बचें। उन्होंने कहा कि सभी संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और नियमों की जानबूझकर अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।