मसूरी की वादियों की मुरीद हुईं संगीता बिजलानी, बोलीं— बादलों के ऊपर तैरने जैसा रहा सफर

मसूरी। बॉलीवुड अभिनेत्री संगीता बिजलानी ने पहाड़ों की रानी मसूरी की प्राकृतिक सुंदरता की जमकर सराहना की। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि देहरादून से मसूरी तक का सफर उनके जीवन की सबसे यादगार यात्राओं में से एक रहा और ऐसा महसूस हुआ मानो वह बादलों के ऊपर तैरते हुए मसूरी पहुंच रही हों।

संगीता बिजलानी ने बताया कि वह पहली बार मसूरी आई हैं। यहां की हरी-भरी वादियां, शांत वातावरण और प्राकृतिक सौंदर्य ने उन्हें बेहद प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि अपने जीवन में इससे पहले इतनी खूबसूरत यात्रा कभी नहीं की और मसूरी वास्तव में बेहद सुंदर पर्यटन स्थल है।

फिल्मों में वापसी के सवाल पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि फिलहाल ऐसी कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि जिंदगी में कुछ सरप्राइज और कुछ रहस्य बने रहने चाहिए, क्योंकि यदि सब कुछ पहले से ही पता चल जाए तो जिंदगी बोरिंग हो जाती है।

उन्होंने मसूरी के प्रसिद्ध माल रोड और स्थानीय बेकरी उत्पादों की भी जमकर तारीफ की। बेकरी के उत्पादों का स्वाद लेने के बाद उन्होंने कहा कि यहां का स्वाद बेहद शानदार है।

अपने प्रशंसकों का आभार जताते हुए संगीता बिजलानी ने कहा कि उन्हें हमेशा इसी तरह प्यार और स्नेह मिलता रहे। साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की कि मसूरी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखें और इसकी प्राकृतिक खूबसूरती के संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।