लगातार बारिश से मसूरी-देहरादून मार्ग पर सड़क धंसी, बढ़ा खतरा

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। पांच जुलाई से रुक-रुक कर जारी बारिश के बीच मसूरी-देहरादून मार्ग पर कोल्हूखेत स्थित पानीवाला बैंड के पास सड़क का एक हिस्सा धंस गया है। सड़क पर गहरी दरारें पड़ने से हादसे की आशंका बढ़ गई है।

हालांकि मार्ग पर यातायात फिलहाल जारी है, लेकिन सड़क की स्थिति को देखते हुए वाहन चालकों को अत्यधिक सावधानी बरतनी पड़ रही है। लगातार बारिश जारी रहने पर सड़क को और अधिक नुकसान पहुंचने और मसूरी-देहरादून मार्ग पर यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय निवासी धर्मेंद्र सिंह और गौरव रावत ने संबंधित विभाग से सड़क की जल्द स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में छोटे-छोटे भूस्खलन भी हो रहे हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है, वहीं पर्यटकों को भी मौसम की मार झेलनी पड़ रही है। सुबह-शाम तापमान में गिरावट आने से ठंड का अहसास बढ़ गया है।

लगातार बारिश का असर बाजारों पर भी दिखाई दे रहा है। सामान्य दिनों की तुलना में बाजारों में कम चहल-पहल है और कई निर्माण कार्य लगभग ठप पड़े हैं।

लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के सहायक अभियंता शिवराज सिंह लोधियाल ने बताया कि सड़क पर दरार आने की सूचना के बाद विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।